भाजपा विधायक देवेन्द्र सिंह का निधन

 भाजपा विधायक देवेन्द्र सिंह का निधन



मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ।


 उत्तर प्रदेश में कासगंज की अमापुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक देवेन्द्र प्रताप सिंह लोधी का सोमवार सुबह हृदयगति रूक जाने के कारण निधन हो गया। वह करीब 55 वर्ष के थे।


परिजनो के अनुसार भाजपा विधायक देवेन्द्र प्रताप सिंह लोधी अपने आवास पर कुर्सी पर बैठे थे कि उनके हार्ट अटैक आया। परिजन उन्हे एटा जिला अस्पताल ले गये जहां डाक्टरों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया।



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होने ट्वीट किया " अमांपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक भाजपा विधायक देवेन्द्र प्रताप सिंह लोधी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दारुण दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।"




एटा के मुख्य चिकित्साधिकारी उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विधायक की मृत्यु के बाद कराया गया कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है। भाजपा विधायक पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के काफी नजदीकी थे। वह भाजपा के टिकट पर पहली बार विधायक बने थे। हालांकि इससे पहले वह जनक्रांति पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गये थे। इस दल का गठन श्री कल्याण सिंह ने भाजपा से कुछ समय के लिये अलग रहते हुये किया था हालांकि बाद में इस दल का विलय भाजपा में हो गया था। 

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form