"नई आरक्षण सूची ने बड़े-बड़ों का बिगाड़ा खेल"

 



मिल्कीपुर, अयोध्या।
    शनिवार को जिला पंचायत सदस्य, ब्लाक प्रमुख एवं ग्राम प्रधान पद के लिए प्रशासन द्वारा जारी की गई आरक्षण सूची ने मिल्कीपुर क्षेत्र के कई दिग्गजों का खेल खराब कर दिया। महीनों की भागा दौड़ी, मतदाताओं की हाँ हजूरी सब पर पानी फिर गया। संभावित उम्मीदवारों द्वारा मत हथियाने की लालच में क्षेत्र में लाखों रुपए पानी की तरह बहाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। लेकिन आरक्षण की सूची ने एक क्षण में ऐसा गुल खिलाया कि अब पूरा मैदान मरुस्थल लगने लगा है। जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार महीनों से गांव-गांव चक्कर काट रहे थे। उन्हें भरोसा था कि चुनाव लड़ने को मिल जायेगा। लेकिन जैसे ही आरक्षण सूची जारी हुई दिग्गजों के सारे सपने चकनाचूर हो गए। यही नहीं मिल्कीपुर क्षेत्र का राजनैतिक समीकरण भी एक बार पुनः बनने बिगड़ने लगा है।
   कुमारगंज नगर पंचायत बनने के बाद हुए नए परिसीमन में अमानीगंज चतुर्थ सीट समाप्त हो गई थी। जिसके बाद जिले के समाजसेवी राजन पांडे ने क्षेत्र की कई जिला पंचायत सदस्य सीटों पर प्रचार प्रसार शुरू किया था लेकिन तीन मार्च को आयी आरक्षण सूची में अमानीगंज की सभी सीटें आरक्षित होने के बाद उन्होंने हैरिंग्टनगंज द्वितीय जिला पंचायत सीट पर झंडा गाड़ दिया।यहीं से सेन परिवार की बड़ी बहू आईपीएस अरविन्द सेन यादव की पत्नी प्रियंका सेन भी चुनाव लड़ रही थी। लेकिन हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में शनिवार को पुनः आयी आरक्षण सूची ने एक बार फिर दिग्गजों की मंशा पर पानी फेर दिया और यह सीट भी अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गई। अब राजन पाण्डेय ने मिल्कीपुर चतुर्थ जिला पंचायत सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। जबकि प्रियंका सेन ने अभीतक अपना पत्ता नहीं खोला है। हालांकि हैरिंग्टनगंज प्रथम पिछड़ी जाति महिला व द्वितीय महिला के लिए आरक्षित है। लोग कयास लगा रहे हैं कि प्रियंका सेन दोनों में से किसी एक सीट पर चुनाव लड़ सकतीं हैं। इसके पहले हैरिंग्टनगंज प्रथम सीट पर निवर्तमान जिपं सदस्य विनय सिंह के साथ ही बीकापुर के बाहुबली नेता सिक्कू तिवारी, पूर्व जिपं सदस्य करमराज यादव सहित करीब दर्जन भर उम्मीदवार महीनों से चूरगाँठ बैठाने में लगे थे लेकिन आरक्षण ने सारा खेल बिगाड़ दिया।अमानीगंज तृतीय अनुसूचित महिला, द्वितीय अनुसूचित जाति, मिल्कीपुर द्वितीय अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form