सोनोली ,उत्तरप्रदेश,10 दिसम्बर 20
भारत नेपाल सीमा से सटे महराजगंज जिले के बहुआर कला के लाइन टोला के सामने नो मेंस लैंड की जमीन पर नेपाल के अधिकारियों द्वावारा बीते कई दिनों से पुलिया का निर्माण करा रहा था। निर्माण की सूचना सीमा से सटे लोगों ने बहुआर पुलिस चौकी को दी। सूचना पाकर भारतीय पुलिस एसएसबी जवानों के साथ मौके पर पहुंच गई। उसके बाद नो मेंस लैंड की जमीन पर पुलिया का निर्माण कार्य रोकवा दिया।
एसएसबी जवानों के साथ मौके पर पहुंची भारतीय पुलिस
महराजगंज के बहुआर पुलिस चौकी इंचार्ज बृजेश सिंह ने बताया कि लोगों से सूचना मिली कि बहुआर कला के लाइन टोला से नेपाल राष्ट्र की कठहवा जाने वाली मार्ग पर नो मेंस लैंड की जमीन पर नेपाल प्रशासन पुलिया निर्माण करवा रहा है। वही सूचना मिलने के बाद लाइन टोला के एसएसबी पिकेट पर तैनात एसएसबी जवानों के साथ मौके पर पहुंच गये। जहां पर देखा गया कि नेपाल सरकार पुलिया का आधा हिस्सा का निर्माण नो मेंस लैंड की जमीन में करवा रही है। इसके बाद मौके पर पुलिया का निर्माण कर रहे लोगों को चेतावनी देते हुए निर्माण कार्य को रोकवा दिया गया।
उन्होंने बताया कि कार्य रोकने के बाद इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। जिसके बाद मौके पर उप जिलाधिकारी रामसजीवन मौर्य व पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र कुमार भी पहुंचे। जहां नेपाल के अधिकारियों से वार्ता के बाद निर्माण कार्य को रोकने व आगे फिर निर्माण नही कराने पर सहमति बनी है। एसडीएम रामसजीवन मौर्य ने कहा कि नेपाल के अधिकारियों से वार्ता के बाद निर्माण कार्य रोकने पर सहमति बन गई है।
एसएसबी ने तस्करी करते दो आरोपितों को किया गिरफ्तार
उधर, महराजगंज के नौतनवा थाना क्षेत्र के सुंडी घाट के समीप बीओपी सुंडी सहायक उपनिरिक्षक मनोज कुमार मय फोर्स गश्त कर रहे थे। इसी दौरान भारत से दो बाइक सवार खाद लादे नेपाल सीमा में प्रवेश करते दिखाई दिए। दोनों जवानों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। वहीं दूसरी तरफ 10 साइकिल सवार अपनी-अपनी साइकिल व सामान छोड़ फरार हो गए। पकड़े गए लोगों ने अपना नाम मोहम्मद अली निवासी नौतनवा तथा सूरज प्रसाद निवासी बघेली लोटन जनपद सिद्धार्थनगर बताया।